नालागढ़: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के चलते आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी राज्य के दौरे पर है। वहीँ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी हिमाचल प्रदेश के पार्टी के लिए प्रचार करने नालागढ़ पहुंचे। कैप्टन अमरिंदर सिंह की रैली में काफी जनसैलाब देखा गया। वे यहां नालागढ़ के चंगर इलाके के पंजैहरा में कांग्रेस प्रत्याशी लखविंदर राणा के पक्ष में प्रचार कर रहे थे।
जहाँ पर अमरिंदर सिंह की लोकप्रियता देखने को मिली। इस कार्यक्रम में लोगों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की।
इस जनसभा को सम्बोधित करते हुए अमरिंदर सिंह ने जनता से कांग्रेस को दोबारा प्रदेश में लाने की अपील की। उन्होंने कहा चुनाव के वक़्त लोगों को अहम फैसला लेना होता है। कुछ लोग देखते हैं उम्मीदवार किस पार्टी से है और कुछ लोग देखते हैं कि पार्टी का उम्मीदवार कौन है, जिसने राज्य में विकास किसने किया है। जनता के लिए सड़के और अस्पताल किसने बनवाएं हैं, रोजगार के साधन किसने पैदा किये हैं। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाता है कि वोट किसे दिया जायेगा। अमरिंदर सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ६ बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। राज्य में उनसे ज्यादा तजुर्बेदार शख्स और कोई नहीं है।
इस दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। अमरिंदर सिंह ने कहा बीजेपी में हिमाचल प्रदेश चुनाव जीतने की होड़ लगी हुई है। देखा जाए तो देश के प्रधानमंत्री के पास पास बहुत से काम होते हैं। लेकिन वह इस वक़्त राज्य में इतने दौरे कर रहे हैं कि कांग्रेस को अपनी रैलियां करने में दिक्क्तें आ रही है। ऐसा पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने नहीं किया है। कल पीएम मोदी के कारण मुझे २ घंटे का इंतज़ार करना पड़ा। क्यूंकि उनका हेलीकप्टर वहां से जाना था। उन्होंने रैली में पीएम मोदी से कहा कि बीजेपी अपने दौरों के लिए कांग्रेस को परेशान न करें। इस दौरान उन्होंने हिमाचल की जनता पंजाब विधानसभा चुनाव में उनकी जीत की याद दिलाते हुए कहा कि हमने ७७ सीटों पर बहुमत हासिल करते हुए भाजपा-अकाली को हराया था।
इससे पहले सुंदरनगर भी रैली को सम्बोधित करते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा था कि इस बार प्रदेश की जनता मोदी के जुमलों का हिसाब नौ नवंबर को कांग्रेस के पक्ष में भारी बहुमत प्रदान करके लेगी। दरअसल पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश में भाजपा की हार देखकर घबरा गए हैं और रोज प्रदेश के चक्कर काट रहे हैं।